छत्तीसगढ़ में लगातार सख्त कार्रवाई के बावजूद देह व्यापार जैसे संगठित अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से समय-समय पर ऐसे मामलों की जानकारी मिल रही है। इसी कड़ी में धमतरी जिले में पुलिस ने एक किराए के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दो युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, नंदा हॉस्पिटल गली के पास स्थित मकान में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायत स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी। मकान में अजनबी लोगों की लगातार आवाजाही से आसपास के लोग परेशान थे। शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मकान की निगरानी शुरू की।
पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान मकान पर दबिश दी और दो युवतियों और तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार तीनों युवक धमतरी जिले के निवासी हैं, जबकि दोनों युवतियां मध्यप्रदेश के बैतूल क्षेत्र की हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि इस तरह की गतिविधियों से इलाके का माहौल बिगड़ रहा था।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आधिकारिक बयान अभी जारी नहीं किया गया है, लेकिन पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- सुशील गिलहरे, पिता – विष्णु गिलहरे, उम्र 38 वर्ष, निवासी साल्हेवार पारा, धमतरी
- खुमान साहू, पिता – दुखूराम साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी कर्मा चौक, धमतरी
- लोचन देवांगन, पिता – राजूराम देवांगन, उम्र 32 वर्ष, निवासी रामपुर वार्ड, धमतरी
















