बिहार की सियासत से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आज पटना में जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने पटना स्थित पार्टी कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी जॉइन की। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें ललन सिंह, विजय चौधरी, संजय झा और श्रवण कुमार शामिल थे।
कार्यक्रम में नहीं पहुंचे नीतीश कुमार
हालांकि हैरानी की बात यह रही कि बेटे निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद शामिल नहीं हुए। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
सदस्यता लेने के बाद क्या बोले निशांत
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यहां मौजूद सभी लोगों का वह स्वागत और अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि वह एक सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी को मजबूत करने की कोशिश करेंगे।
निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का निर्णय लिया है, जो उनका निजी फैसला है और वह उसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के मार्गदर्शन में पार्टी और जनता के लिए काम करेंगे तथा लोगों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में वह पार्टी को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे और पिछले 20 वर्षों में उनके पिता ने जो काम किए हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
बिहार की राजनीति में बदलाव के संकेत
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत माने जा रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि निशांत कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाकर उन्हें आगे संगठन में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।
















