संघ लोक सेवा आयोग ने 6 मार्च को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी किया था। परिणाम आने के बाद एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। दरअसल, रैंक 301 को लेकर दो उम्मीदवारों ने दावा किया और हैरानी की बात यह रही कि दोनों का नाम आकांक्षा सिंह बताया गया।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा होने लगी। इसके बाद प्रेस सूचना ब्यूरो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर सही जानकारी दी।
पीआईबी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के अभयपुर गांव की आकांक्षा सिंह ने रैंक 301 हासिल की है। उनका रोल नंबर 0856794 है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि उसके आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार सिविल सेवा परीक्षा 2025 में रैंक 301 पर सफल उम्मीदवार यही आकांक्षा सिंह हैं।
कुल 958 उम्मीदवारों का हुआ चयन
इस वर्ष भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और अन्य केंद्रीय सेवाओं के समूह ‘क’ और समूह ‘ख’ के पदों पर नियुक्ति के लिए कुल 958 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है।
जानकारी के अनुसार, सिविल सेवा परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित हुई थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक हुई। वहीं व्यक्तित्व परीक्षण यानी साक्षात्कार का अंतिम चरण 27 फरवरी 2026 को समाप्त हुआ।
















