देश के करोड़ों किसानों के बैंक खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम किसान) योजना की 22वीं किस्त कल आने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 13 मार्च को असम के गुवाहाटी से पात्र किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर करेंगे। इस किस्त के जरिए देश भर के करीब 93 करोड़ किसानों को लगभग 19,000 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। पिछले साल 19 नवंबर को पीएम मोदी ने 21वीं किस्त जारी की थी, जिसके बाद किसान 22वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
13 और 14 मार्च को असम दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी 13 और 14 मार्च को असम दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कोकराझार, गुवाहाटी और सिलचर में 47,800 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। 13 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का भूमि पूजन और शुभारंभ किया जाएगा। शाम करीब 5 बजे गुवाहाटी में लगभग 19,680 करोड़ रुपये की कई नई परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमि पूजन होगा।
नई ट्रेनों को देंगे हरी झंडी
पीएम मोदी असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र में संपर्क सुधार के लिए शुरू हुई 3 नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है, जो उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस असम और पश्चिम बंगाल के बीच कनेक्टिविटी बेहतर बनाएगी, जबकि नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस असम और त्रिपुरा के बीच यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए यात्रा को आसान बनाएगी।
बिश्वनाथ और जोरहाट में क्रूज टर्मिनल की आधारशिला
जलमार्ग क्षेत्र में पीएम मोदी बिश्वनाथ जिले के बिश्वनाथ घाट और जोरहाट जिले के नेमाटी में क्रूज टर्मिनलों की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा डिब्रूगढ़ के बोगीबील में क्षेत्रीय उत्कृष्टता केंद्र (आरसीओई) का भूमि पूजन होगा, जो पूर्वोत्तर क्षेत्र में समुद्री प्रशिक्षण और अनुसंधान का केंद्र बनेगा। प्रधानमंत्री पांडू जेटी को एनएच-27 से जोड़ने वाली एप्रोच रोड का भी उद्घाटन करेंगे।
















