जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। नियंत्रण रेखा (LoC) के पास बुच्छार इलाके में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी आतंकवादी को सेना और पुलिस ने मार गिराया।
सेना की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस को उरी सेक्टर के बुच्छार इलाके में आतंकियों की घुसपैठ की पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर भारतीय सेना और पुलिस ने 14-15 मार्च 2026 की रात संयुक्त रूप से घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।
ऑपरेशन के दौरान जवानों ने घने जंगलों में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि देखी। सुरक्षाबलों ने तुरंत उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन खुद को घिरा देख आतंकवादी ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी को ढेर कर दिया।
हथियार और गोला-बारूद बरामद
मारे गए आतंकवादी के पास से पिस्तौल और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद सहित अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा बलों का अभियान अभी भी जारी है। आशंका जताई जा रही है कि इलाके में और भी आतंकवादी छिपे हो सकते हैं। इसी को देखते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सांबा में भी चला तलाशी अभियान
इसी बीच एक अन्य घटना में, पाकिस्तानी ड्रोन के अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने की सूचना के बाद जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार देर रात रामगढ़ सेक्टर के कंद्राल, अब्ताल और बहादुरपुर गांवों के ऊपर कुछ मिनट तक संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि देखी गई।
इसके बाद पूरे इलाके को निगरानी में रखा गया और सुबह होते ही सुरक्षा बलों ने यह सुनिश्चित करने के लिए सघन तलाशी अभियान शुरू किया कि कहीं सीमा पार से हथियार या मादक पदार्थों की खेप तो नहीं गिराई गई है।















