चुनाव आयोग ने रविवार को 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग 9 अप्रैल को होगी, जबकि तमिलनाडु में मतदान 23 अप्रैल को होगा। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे — पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा 29 अप्रैल को। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव का परिणाम 4 मई को आएगा।
साथ ही, चुनाव आयोग 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी करवा रहा है। गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में उपचुनाव 9 अप्रैल को होंगे, जबकि गुजरात और महाराष्ट्र में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
चुनाव में मतदाताओं की सुविधा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त झानेश कुमार ने ECINET प्लेटफॉर्म का भी जिक्र किया। इस प्लेटफॉर्म के जरिए लोग वोटर और चुनाव से जुड़ी कई सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
ECINET में मिलेंगी ये सुविधाएं
- वोटर रजिस्ट्रेशन फॉर्म
- वोटर कार्ड से जुड़ी शिकायतें
- e-वोटर कार्ड (e-EPIC) डाउनलोड
- BLO से संपर्क
- वोटर लिस्ट में नाम करें सर्च
- दिव्यांग जनों के लिए वोटर सर्विस से जुड़ी सुविधाएं
- वोटर अप्लिकेशन का स्टेटस चेक
वोटर सर्विस के अलावा इस प्लेटफॉर्म पर आपको चुनाव से जुड़ी सभी जानकारियां मिलेंगी। इस प्लेटफॉर्म पर आप अपने एरिया के कैंडिडेट्स के नाम जान सकते हैं। इसके अलावा चुनाव में हुई गड़बड़ी को भी इसके जरिए रिपोर्ट किया जा सकता है। साथ ही, मौजूदा चुनाव से जुड़ी सभी जानकारी इस प्लेटफॉर्म पर मिलेगी। कहां कितने प्रतिशत वोटिंग हुई यानी वोटर टर्नआउट के बारे में भी इस प्लेटफॉर्म पर जानकारी मिलेगी। साथ ही, पिछले चुनाव से जुड़ी जानकारियां भी यहां मिलेगी।
ECINET कैसे करें यूज?
ECINET पोर्टल को आप वेब और ऐप के जरिए एक्सेस कर सकते हैं। PC पर इसकी वेबसाइट पर जाकर वोट और वोटर से जुड़ी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। वहीं, स्मार्टफोन यूजर्स गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से ECINET ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप डाउनलोड करने के बाद इससे जुड़ी सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है।
















