बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। नीतीश कुमार ने आज शाम अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। हालांकि, नीतीश खुद दिल्ली में नामांकन भरने नहीं पहुंचे; उनकी जगह JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उनका फॉर्म निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े को सौंपा।
जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार के अलावा कोई और नेता इस पद के लिए नामांकन नहीं दे रहा है। इसलिए उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। 24 मार्च को इसका औपचारिक ऐलान होने की संभावना है।
24 मार्च को होगी घोषणा
निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े ने बताया कि नीतीश कुमार के नामांकन पत्र दो सेट में जमा किए गए हैं। यदि 22 मार्च तक किसी और नेता का नामांकन आता है तो 27 मार्च को चुनाव होगा। संजय झा ने कहा कि फिलहाल कोई और नामांकन नहीं आया है, इसलिए 24 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। अध्यक्ष बनने के बाद राष्ट्रीय परिषद और कार्यकारिणी की बैठक भी होगी। JDU का राष्ट्रीय कार्यालय दिल्ली में है, इसलिए अध्यक्ष वहीं अपना कार्यभार संभालेंगे।
पांचवीं बार JDU अध्यक्ष बनेंगे नीतीश कुमार
नीतीश कुमार अब इस पद पर पांचवीं बार आसीन होंगे। वे पहली बार अप्रैल 2016 में शरद यादव से पदभार संभाल चुके हैं। 2019 में फिर से चुने गए थे, लेकिन 2020 में उन्होंने RCP सिंह के लिए रास्ता बनाया। दिसंबर 2023 में उन्होंने पार्टी के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) से राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार लिया था।















