वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच बुधवार को राजधानी में सोना और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। खासकर चांदी में करीब 5 प्रतिशत की बड़ी तेजी दर्ज की गई, जबकि सोना भी मजबूती के साथ ऊंचे स्तर पर बंद हुआ।
ऑल इंडिया सर्राफा के आंकड़ों के अनुसार, चांदी 11,250 रुपये यानी 4.89% बढ़कर 2,41,250 रुपये प्रति किलोग्राम (टैक्स सहित) पर पहुंच गई। इससे पहले यह 2,30,000 रुपये प्रति किलो पर थी। वहीं, 99.9% शुद्धता वाला सोना 4,900 रुपये यानी 3.38% की तेजी के साथ 1,49,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जो पिछले सत्र में 1,44,800 रुपये था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल
ग्लोबल मार्केट में भी तेजी का यही रुख देखने को मिला। स्पॉट गोल्ड करीब 2% बढ़कर 4,556.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी भी करीब 2% की बढ़त के साथ 72.67 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती नजर आई।
वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव में कुछ नरमी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने सोने-चांदी को सपोर्ट दिया है। इसी वजह से घरेलू बाजार में भी हाल के दिनों में कीमतों में मजबूती आई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित युद्धविराम की उम्मीदों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। इससे डॉलर और क्रूड ऑयल की कीमतों में नरमी आई, जिसका सीधा फायदा सोने की मांग को मिला।
बाजार में अनिश्चितता बरकरार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, United States ने Iran को 15 बिंदुओं का प्रस्ताव दिया है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने भी समझौते को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं।
हालांकि, ईरान ने फिलहाल बातचीत से इनकार किया है। इस बीच होरमुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कुछ जहाजों पर ट्रांजिट शुल्क लगाने की खबरों से वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है।
















