ज़ोजिला दर्रा में श्रीनगर-लेह हाईवे पर भारी हिमस्खलन (एवलांच) गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, 5 लोग घायल हैं, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है। एवलांच की चपेट में कई वाहन आ गए, जिससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ज़ोजिला के ‘ज़ीरो पॉइंट’ के पास एक यात्री वाहन हिमस्खलन की चपेट में आ गया, जिससे कई लोगों की जान चली गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।
राहत और बचाव कार्य जारी
प्रशासन ने पुलिस, सेना, सीमा सड़क संगठन (BRO), SDRF और सोनमर्ग व द्रास के जिला प्रशासन की मदद से बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया है। मशीनों और टीमों की मदद से सड़क साफ करने और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
दोपहर के समय द्रास के पास ‘कैप्टन टर्न’ इलाके में चल रहे वाहनों पर अचानक एवलांच गिर गया। द्रास के एसडीएम विशाल अत्री ने बताया कि मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल हैं। आशंका है कि बर्फ में दबे वाहनों के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं और घायलों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।
वहीं लद्दाख के एलजी वीके सक्सेना ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और वे खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल, इलाके में बचाव कार्य तेजी से जारी है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
















