भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने हाल ही में नया आधार ऐप लॉन्च किया है, जिसमें कई उपयोगी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इस ऐप की मदद से अब आप घर बैठे अपने आधार कार्ड की जानकारी अपडेट कर सकते हैं। खास बात यह है कि मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए भी अब आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नए ऐप में एक साथ पूरे परिवार के आधार कार्ड को जोड़ने की सुविधा दी गई है। यूजर्स इसमें अधिकतम 5 आधार कार्ड लिंक कर सकते हैं, जिससे परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी एक ही जगह मैनेज करना आसान हो जाएगा। इसके अलावा, ऐप को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाया गया है और इसमें बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन के जरिए ही लॉग-इन किया जा सकेगा।
घर बैठे ऐसे बदलें एड्रेस
अगर आप अपने आधार में पता (एड्रेस) अपडेट करना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में नया आधार ऐप डाउनलोड करें। यह ऐप Google Play Store और Apple App Store पर उपलब्ध है। ऐप इंस्टॉल करने के बाद अपने आधार डिटेल्स की मदद से लॉग-इन करें और फिर आसानी से एड्रेस अपडेट की प्रक्रिया पूरी करें।
- ऐप में लॉग-इन करने के बाद आपको नीचे दिए ऑप्शन में जाकर Services पर टैप करना होगा।
- यहां आपको मोबाइल नंबर और अड्रेस अपडेट करने का ऑप्शन मिलेगा।
- अड्रेस अपडेट वाले ऑप्शन पर टैप करने के बाद आपको अगले विंडो में My Documents वाले ऑप्शन पर टैप करना होगा।
- यहां आपको अड्रेस से जुड़े डॉक्यूमेंट को अपलोड करने का आप्शन मिलेगा।
- अगले पेज पर आप अड्रेस के डॉक्यूमेंट को अपलोड कर दें।
- इसके बाद 75 रुपये का पेमेंट कर दें।
- कुछ दिनों के बाद आपके आधार कार्ड का अड्रेस अपडेट हो जाएगा।
मोबाइल नंबर कैसे करें अपडेट?
मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए भी ऊपर दिए गए स्टेप्स को फॉलो करना होगा। आपको अड्रेस अपडेट की जगह पर मोबाइल नंबर अपडेट वाले ऑप्शन पर टैप करना होगा। फिर आपको नए मोबाइल नंबर को दर्ज करने का ऑप्शन मिलेगा। नया नंबर दर्ज करने के बाद एक OTP आपके नए और एक पुराने नंबर पर आएगा। दोनों OTP को वेरिफाई करने के बाद आपके आधार कार्ड पर दर्ज मोबाइल नंबर अपडेट हो जाएगा। ध्यान रहे कि ऐप में मोबाइल नंबर अपडे करने के लिए आपके पास पुराना मोबाइल नंबर और नया मोबाइल नंबर दोनों होना जरूरी है।
















