दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक एक अज्ञात कार बैरियर तोड़कर गेट नंबर 2 से विधानसभा परिसर में घुस गई। हैरानी की बात यह रही कि गाड़ी अंदर आने के बाद मौके से भागने में भी सफल रही। हालांकि बाद में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कार भी बरामद कर ली है।
विधानसभा कार्यालय के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे VIP गेट की ओर से एक कार जबरन अंदर घुसी। गाड़ी ने लोहे का बैरियर तोड़ दिया और अंदर जाकर विधानसभा स्पीकर की गाड़ी के पास फूलों का गुलदस्ता और कुछ कागजात रखे। इसके बाद कार उसी गेट से बाहर निकल गई। बताया जा रहा है कि वाहन उत्तर प्रदेश नंबर का था।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इससे पहले संसद भवन की सुरक्षा में भी बड़ी चूक सामने आ चुकी है। 13 दिसंबर 2023 संसद सुरक्षा उल्लंघन के दौरान लोकसभा की कार्यवाही के बीच दर्शक दीर्घा से दो युवक—सागर शर्मा और मनोरंजन डी—अचानक सदन में कूद गए थे। दोनों ने जूतों में छिपाए स्मोक कैनिस्टर निकालकर पीला धुआं फैला दिया, जिससे सदन में अफरा-तफरी मच गई।
सांसदों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हिरासत में लिया। वहीं संसद परिसर के बाहर नीलम और अमोल शिंदे ने भी रंगीन धुआं छोड़कर नारेबाजी की थी। जांच में ललित झा को इस पूरे मामले का मुख्य साजिशकर्ता बताया गया, जिसने घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे।
















