अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्तों के सीजफायर पर सहमति बनने के बाद मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच आज सोने और चांदी की कीमतों में बंपर तेजी देखने को मिली। बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 11,000 रुपये (लगभग 5 प्रतिशत) की तेजी के साथ 2,51,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। मंगलवार को चांदी का भाव 2,000 रुपये (लगभग 1 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया था। आज, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 3,200 रुपये (2.09 प्रतिशत) की बड़ी बढ़ोतरी के साथ 1,56,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। मंगलवार को सोने के दाम 600 रुपये (0.4 प्रतिशत) टूटकर 1,53,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए थे।
भू-राजनीतिक तनाव कम होने से बुलियन की कीमतों में तेजी
जानकारों ने बताया कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने से बुलियन की कीमतों में मजबूती आई है, जिससे वैश्विक वित्तीय बाजारों में व्यापक राहत देखने को मिली। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि बुधवार को सोने ने अपनी मजबूत बढ़त बनाए रखी और 3 सप्ताह के उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गया। बेहतर वैश्विक जोखिम धारणा के साथ-साथ अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने कीमती धातुओं की मांग को बढ़ाया।
ईरान को खोलना होगा होर्मुज स्ट्रेट
ये सकारात्मक रुझान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा खुद तय की गई समय सीमा से ठीक पहले हुए एक समझौते के बाद देखने को मिला। ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई को रोकने की पुष्टि की, लेकिन ये शर्त रखी कि इसके बदले ईरान को होर्मुज स्ट्रेट को खोलना होगा। ईरान ने भी संकेत दिया कि संघर्ष विराम की अवधि के दौरान होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित परिवहन संभव होगा, जिससे सप्लाई से जुड़ी चिंताएं और कम हुईं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कहां पहुंचा सोने-चांदी का भाव
बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोने की कीमत में 97.48 डॉलर (2.07 प्रतिशत) की बढ़ोतरी हुई और ये 4,803.33 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत 6 प्रतिशत बढ़कर 77.33 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
















