मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक कार और ट्रक की जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, सभी लोग ईंधन भरवाने के लिए जुलवानिया गए थे और वहां से लौटते समय यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान भी कर ली गई है।
कार-ट्रक भिड़ंत में पांच की मौत
पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच जुलवानिया कस्बे के पास यह हादसा हुआ। जुलवानिया थाना प्रभारी रामकुमार पाटिल ने जानकारी दी कि कार में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जलगांव से रुई पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि ईंधन खत्म होने पर वे जुलवानिया पेट्रोल भरवाने गए थे और वापस लौटते समय टोल नाके के पास उनकी कार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
अधिकारी के अनुसार, दो लोगों की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। मृतकों की पहचान सचिन वास्काले (25), प्रद्युम सहते (25), आकाश दयाराम (25), पप्पू हीरालाल (29) और यशवंत सुदापिया (30) के रूप में हुई है।
घायल दोनों लोगों का इलाज बड़वानी के निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
















