Cg News : बालोद, 06 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा प्रेषित ‘विष्णु की पाती’ पाकर जिले के ग्राम मुल्ले की लखपति दीदी श्रीमती प्रेमलता साहू की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। घर के एक छोटे से कमरे में मशरूम उत्पादन की शुरुआत कर प्रतिमाह 60 से 70 हजार रुपए की शुद्ध आय अर्जित करने वाली प्रेमलता साहू के संघर्ष, मेहनत और स्वावलंबन को मुख्यमंत्री ने अपनी पाती के माध्यम से सराहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपनी पाती में प्रेमलता साहू के आत्मनिर्भरता के प्रयासों और परिवार का मजबूत संबल बनने के जज्बे की प्रशंसा करते हुए उनके पूरे परिवार को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
प्रदेश के मुखिया का यह आत्मीय संदेश केवल एक पत्र नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवेश में चुनौतियों से जूझकर स्वावलंबन की मिसाल कायम करने वाली मातृशक्ति के परिश्रम को मिला सर्वोच्च सम्मान है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आजीविका मिशन के माध्यम से अपने पैरों पर खड़ी हुईं प्रेमलता साहू आज समूचे अंचल की महिलाओं के लिए प्रेरणापुंज बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से ‘विष्णु की पाती’ प्राप्त होने पर श्रीमती प्रेमलता साहू ने अत्यंत भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि प्रदेश के मुखिया से इतना बड़ा आशीर्वाद और सम्मान मिलेगा। उन्होंने अपनी सहज छत्तीसगढ़ी बोली में भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा- ’अइसन लागत हे जानो मानो भगवान ह उतर के मोला अउ मोर परिवार ला आगू बढ़े बर आशीर्वाद देत हे।’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी की पाती पाकर उन्हें असीम सुख और आनंद की अनुभूति हो रही है, जिसे शब्दों में बयां कर पाना संभव नहीं है।
छोटे कमरे से शुरू हुआ सफर, बिहान से जुड़कर बनीं लखपति दीदी
उल्लेखनीय है कि श्रीमती प्रेमलता साहू ने कभी घर के एक छोटे से कमरे से सीमित संसाधनों के बीच मशरूम उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया था। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ने के बाद स्व-सहायता समूह के माध्यम से मिले सहयोग से उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार किया और बड़े हॉल में आधुनिक तरीके से मशरूम उत्पादन शुरू किया। आज उनके द्वारा उत्पादित ताजा मशरूम की मांग बालोद सहित दुर्ग, चारामा, गुरूर और दल्लीराजहरा के बाजारों तक है। इस व्यवसाय से वे हर महीने 60 से 70 हजार रुपए की आमदनी प्राप्त कर रही हैं।
कच्चे मकान से पक्के घर तक, सपनों को मिली नई उड़ान
मशरूम उत्पादन से हुई आर्थिक मजबूती और प्रधानमंत्री आवास योजना के सहयोग से कभी कच्चे मकान में रहने वाला प्रेमलता का परिवार आज पांच कमरों के पक्के मकान में सम्मानजनक जीवन जी रहा है। घर में नल-जल योजना से शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध है और आर्थिक संबल मिलने से वे अपने बच्चों को उच्च व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने में सक्षम हुई हैं।
श्रीमती प्रेमलता साहू ने ग्रामीण महिलाओं के मान-सम्मान को बढ़ाने और उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में संवेदनशील पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस तथा पावन दीपावली पर्व की गाड़ा-गाड़ा बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
















