इंडोनेशिया की राजधानी के बाहरी इलाके में एक स्टेशन पर दो ट्रेनों की टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई यात्री बुरी तरह क्षतिग्रस्त डिब्बे में फंस गए। यह घटना सोमवार को हुई। रेलवे अधिकारी के मुताबिक, अब तक 38 घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बे से टकराई ट्रेन
जानकारी के अनुसार, अर्गो ब्रोमो अंगग्रेक नाम की लंबी दूरी की ट्रेन बेकासी तिमुर स्टेशन पर खड़ी एक यात्री ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। यह डिब्बा महिलाओं के लिए आरक्षित था, जिसे सुरक्षा और उत्पीड़न से बचाव के लिए बनाया गया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
बचाव दल क्षतिग्रस्त डिब्बे में फंसे यात्रियों को निकालने में जुटा हुआ है। बताया गया है कि ट्रेन में सवार सभी 240 यात्री सुरक्षित हैं। जकार्ता पुलिस प्रमुख ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
रेलवे ने जताया दुख
घटना के बाद सोशल मीडिया और टीवी फुटेज में स्टेशन पर यात्रियों में अफरा-तफरी और डर का माहौल देखा गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों की जानकारी लेने स्टेशन पहुंच गए। सरकारी रेलवे कंपनी ने इस दुर्घटना पर खेद जताते हुए यात्रियों से माफी मांगी है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इंडोनेशिया में पुराने रेलवे नेटवर्क पर दुर्घटनाएं पहले भी होती रही हैं। जनवरी 2024 में पश्चिम जावा में दो ट्रेनों की टक्कर में 4 लोगों की मौत हुई थी। अक्टूबर 2013 में एक यात्री ट्रेन और मिनीबस की टक्कर में 13 लोगों की जान गई थी। वहीं 2010 में जकार्ता के पास एक ट्रेन हादसे में 36 लोगों की मौत हो गई थी।
















