देशभर में भीषण गर्मी से राहत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज 4 मई की शाम तक केरलम में मानसून की एंट्री कर सकता है। केरल में बीती रात से लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है, जबकि प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। मौसम विभाग ने अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां 11 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश का खतरा
IMD के मुताबिक, अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, इडुक्की और थ्रिस्सूर में भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।
इसके साथ ही मलप्पुरम, कोझीकोड और वयनाड जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
अगले 7 दिनों तक जारी रह सकती है बारिश
मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून केरलम में सक्रिय होने के बाद अगले 5 से 7 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश को देखते हुए केरलम सरकार और जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ओडिशा में भी मौसम का बदला मिजाज
सिर्फ केरल ही नहीं, बल्कि ओडिशा में भी मौसम तेजी से करवट ले रहा है। IMD ने अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। गुरुवार को राज्य के 22 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इनमें बालासोर, मयूरभंज, भद्रक, कटक, पुरी, खुर्दा, गंजाम, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, कालाहांडी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और कई अन्य जिले शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दोपहर और शाम के समय आंधी और बारिश की गतिविधियां अधिक देखने को मिल सकती हैं।
24 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने केरलम और ओडिशा के अलावा राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना समेत देश के 24 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई है। राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
खरीफ सीजन के लिए अच्छी खबर
मानसून की सक्रियता केवल मौसम ही नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जाती है। मॉनसून के आगे बढ़ने के साथ ही खरीफ फसलों की बुवाई का काम तेज होगा। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर और अच्छी बारिश किसानों, जलाशयों और बिजली उत्पादन के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है।















