उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित अलीगंज के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की वजह से 14 लोगों की मौत की खबर है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताया है। वह अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर राजधानी लखनऊ लौट रहे हैं। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने इस घटना में 14 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन विभाग को दोपहर करीब तीन बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग पर स्थित एक कोचिंग संस्थान की इमारत में आग लगने की सूचना मिली। घटनास्थल से सामले आई तस्वीरों में अग्निशमन कर्मी सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर सीढ़ियों की मदद से बाहर से इमारत पर चढ़ते नजर आ रहे हैं। अग्निशमन कर्मियों की एक अन्य टीम को बगल की उतनी ही ऊंचाई वाली इमारत से ऊपर की तरफ से रास्ता बनाकर अंदर दाखिल होते देखा गया, जबकि अन्य टीम आग बुझाने की कोशिशें करती नजर आ रही थीं।
















