खुर्सिपर पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि भिलाई में आईटीआई परिसर के पास एक युवक अन्य युवकों को हेरोइन बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, इलाके को घेर लिया और कार्रवाई की।।
भागने की कोशिश, पीछा कर पकड़ा
पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जसराज सिंह (22), निवासी इंदिरा नगर, छावनी, भिलाई बताया।
हेरोइन, मोबाइल और बाइक जब्त
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8.49 ग्राम हेरोइन, 1,050 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया जेल
पुलिस ने जसराज सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8, 21(बी) और 27ए के तहत मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मैदान में नशीली टेबलेट बेचने की तैयारी कर रहे थे दो युवक
इसी दिन सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गंजपारा स्थित प्रियंका बोरवेल्स के पीछे मैदान में दो युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
300 नशीली टेबलेट और हथियार बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 300 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, दो धारदार हथियार, एक ओप्पो मोबाइल और एक आईफोन एसई-2020 जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.36 लाख रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिपेश उर्फ आयुषदीप (21) निवासी उत्कल कॉलोनी, गंजपारा और कृष्णा कुमार सेन (19) निवासी डिपरापारा, दुर्ग के रूप में हुई।
एनडीपीएस और आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई
सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
















