संसद के मानसून सत्र के नौवें दिन भी सदन में जोरदार हंगामा हुआ। विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज और राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर संसद के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं, लोकसभा में विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के चलते कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। दोपहर तीन बजे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने यह बिल राज्यसभा में पेश किया। इस पर चर्चा के लिए 7 घंटे का समय रखा गया है। सरकार की कोशिश जल्दी से जल्दी इस बिल को दोनों सदन से पास कराकर कानून बनाने पर है। इसी के साथ आज लोकसभा में वंदे मातरम् बिल पास हो गया है। राज्यसभा में ये बिल पहले ही पास हो गया था।
इससे पहले लोकसभा की आठ दिन की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ है। बुधवार को भी लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल को लेकर जोरदार बहस हुई। हालांकि, यह बिल सदन से पास हो गया। बुधवार को सत्तापक्ष के सदस्यों ने ‘राहुल गांधी माफी मांगो’ और कांग्रेस के सदस्यों ने ‘एलओपी को बोलने दो’ और ‘गृह मंत्री जवाब दो’ के नारे लगाए। सदन में काफी देर तक गतिरोध की स्थिति बनी रही। राहुल गांधी ने कहा कि सड़कों पर इस देश के भविष्य ने जो किया, वह कोई गुस्सा, हिंसा और नफरत नहीं थी, बल्कि यह युवाओं की अभिव्यक्ति थी तथा सत्तारूढ़ दल समेत सभी दलों को इसका सम्मान करना चाहिए।
ध्वनिमत से पारित हुआ कानून
राहुल गांधी के भाषण के दौरान कई बार सत्ता पक्ष के नेताओं ने विरोध जताया। हालांकि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी से भाषण जारी रखने की अपील की और सत्तापक्ष के सदस्यों से उनके भाषण के बीच में टीका-टिप्पणी नहीं करने को कहा। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने भाषण जारी रखा। हालांकि दोनों पक्षों में नोकझोंक की स्थिति बनी रही और कार्यवाही ढाई बजे और फिर तीन बजे तक स्थगित की गई। कार्यवाही अपराह्न तीन बजे आरंभ होने पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विधेयक पर चर्चा का जवाब दिया और सदन ने विधेयक को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। संसद के मानसून सत्र के नौवें दिन की कार्यवाही के अपडेट जानने के लिए लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें…
लोकसभा से पास हुआ वंदे मातरम् बिल
राज्यसभा के बाद अब लोकसभा ने भी ‘वंदे मातरम’ को कानूनी संरक्षण देने वाले विधेयक को मंजूरी दे दी है। यह विधेयक Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 में संशोधन का प्रस्ताव करता है, जिसके तहत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के जानबूझकर अपमान या उसके गायन में बाधा डालने को दंडनीय अपराध बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ की तरह वैधानिक संरक्षण देना है।
इस्तीफे के बाद धर्मेंद्र प्रधान का स्वागत क्यों- खरगे
राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने के बाद उनका स्वागत क्यों किया गया। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के संसद नहीं आने पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्रों के दबाव में धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। आंदोलन के कारण पीएम मोदी को नींद नहीं आ रही थी। वह आधी रात को जगकर वीडियो बना रहे थे। उन्होंने पैलेट गन और एके-47 मशीन गन के इस्तेमाल को लेकर भी सरकार को घेरा।
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक स्थगित
कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों के शोरगुल के कारण लोकसभा में सदन की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दो बजे फिर से शुरू हुई थी। पीठासीन सभापति संध्या राय ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इस बीच, विपक्षी सदस्य आसन के करीब आ गए। उनके हाथों में तख्तियां थीं और वे ‘अमित शाह जवाब दो’ नारे लगा रहे थे। पीठासीन सभापति ने नारेबाजी कर रहे सदस्यों से अपने-अपने स्थान पर लौटने का अनुरोध किया, लेकिन शोरगुल नहीं थमने पर उन्होंने दो बजकर दो मिनट पर सदन की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
एंटी पेपर लीक बिल अधूरा- खरगे
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि एंटी पेपर लीक बिल अभी भी अधूरा है। छात्रों का गुस्सा ठंडा करने के लिए यह बिल लाया गया है। ऐसे में सरकार को विपक्ष की बात ठीक से सुननी चाहिए। पेपर लीक से मासूम बच्चों को नुकसान होता है। इसलिए सरकार को इसे रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था करनी चाहिए।
राज्यसभा में पेश हुआ एंटी पेपर लीक बिल
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल पेश किया। यह बिल पहले ही राज्यसभा से पारित हो चुका है। सरकार की कोशिश इसे जल्द से जल्द पास कराने की है।
सीसीएस की बैठक कर रहे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीसीएस की बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में कुछ अन्य मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, हरदीप पुरी भी बैठक में शामिल हैं। शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक होनी है, उससे पहले आज बड़ी बैठक हो रही है।
खड़गे और मुकुल वासनिक एंटी पेपर लीक बिल पर बोलेंगे
विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और मुकुल वासनिक राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर बोलेंगे। यह बील दोपहर दो बजे राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पेश करेंगे।
चंदा चोरी पर अरुण गोविल का बयान
राम मंदिर चंदे पर विवाद पर बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने कहा, “सरकार उस पर काम कर रही है और अगर कोई घटना हुई है तो ये तब तक इंतजार करे जब तक हल न निकल जाए तब तक उन्हें इंतजार करना चाहिए।”
राज्यसभा में दोपहर 2 बजे पेश होगा एंटी पेपर लीक बिल
एंटी पेपर लीक बिल दोपहर दो बजे राज्यसभा में पेश होगा। इससे पहले विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया। इस पर जेपी नड्डा ने विपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि विपक्षी नेता हमेशा गोलपोस्ट चेंज कर लेते हैं।
कपिल सिब्बल ने पैलेट गन का मुद्दा उठाया
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, “ये बड़ी स्पष्ट बात है कि यदि कोई पैलेट गन चलाता है या ऐसी कार्रवाई करता है तो इसकी अनुमति तो कोई देता है। यदि कोई कह रहा है कि एसडीएम ने अनुमति दी तो क्या हमारे गृह मंत्री ने ये कहा कि एसडीएम ने गलत किया? हमारे गृह मंत्री चुप क्यों हैं? इससे साफ जाहिर है कि ये उनकी सहमति से ही हुआ है नहीं तो वे कहते कि एसडीएम ने गलत काम किया है। एक तरफ भाजपा कह रही है कि पैलेट गन नहीं चली और जब साबित हो गया कि पैलेट गन चली तो उन्हें ये बात माननी पड़ी। फिर केंद्रीय गृह मंत्री चुप क्यों है?”
छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर विपक्ष ने सरकार को घेरा
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि दिल्ली में पुलिस कार्रवाई का आदेश किसने दिया? दिल्ली में छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया? हमें भारत के गृह मंत्री से जवाब चाहिए। भारत के गृह मंत्री संसद से क्यों भाग रहे हैं? आप तो विपक्ष के नेता को भी बोलने नहीं दे रहे हैं।”
चंदा चोरी के खिलाफ सपा का प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी के सांसदों ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले के खिलाफ संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित हो चुकी है।
















