छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों के लिए रक्षाबंधन से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है।
उन्हें योजना की 30वीं किस्त के पैसे मिल चुके हैं। साएम विष्णुदेव साय ने शुक्रवार, 7 अगस्त को डीबीटी के माध्यम से 67 लाख 20 हजार 125 माताओं-बहनों के बैंक खातों में 1000 रुपए की राशि ट्रांसफर की।
इस मौके पर सीएम ने बताया कि अब अविवाहित महिलाओं को भी योजना से जोड़ा जाएगा।
अब तक 19,444 करोड़ से ज्यादा खर्च
महतारी वंदन योजना पर अब तक 19,444 करोड़ 335 लाख रुपए खर्च हुए हैं। जिसमें 30वीं किस्त भी शामिल है।
महिला बाल विकास के अधिकारियों ने बताया कि हितग्राही माताओं-बहनों में से 1 लाख 35 हजार लोगों की ई-केवायसी होना है।
ये वे हितग्राही हैं, जो या तो प्रदेश से बाहर चले गए हैं या फिर किसी कारण मिल नहीं रहे हैं। कुछ हितग्राहियों के साथ थंब की समस्या आ रही है। इनमें उम्रदराज और बीमार हितग्राही शामिल हैं।
इन्हें ई-केवायसी से छूट दी जा सकती है। या फिर दूसरे तरीके से पैसा देना होगा। इन्हें वंचित करना उचित नहीं होगा।
अविवाहित महिलाओं को भी मिलेगा लाभ
योजना में 40 साल से अधिक उम्र वाली अविवाहित महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा। इन पर करीब 70-80 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी।
प्रदेश में ऐसी अविवाहित महिलाएं करीब 65-70 हजार होंगी। केवल बस्तर में ही करीब 12 हजार अविवाहित महिलाएं हैं।
नए आवेदन के लिए खोला जाएगा पोर्टल
विभाग के अधिकारियों ने सीएम के साथ बैठक में बताया कि महतारी वंदन योजना के नए आवेदन के लिए पोर्टल खोलने की मांग उठ रही है। सीएम ने कहा कि पोर्टल जल्द खोला जाएगा।
हितग्राही महिलाएं पैसे कहां खर्च कर रहीं
योजना की राशि हितग्राही महिलाएं किस काम पर ज्यादा खर्च कर रही हैं। इसका सर्वे कराया जाएगा।
सीएम ने कहा कि यह पता लगना चाहिए कि हितग्राही योजना से मिल रहे पैसे का उपयोग किन चीजों पर ज्यादा कर रही है।
















