छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज स्थित शिवपुर जंगल में नर हाथी के हमले से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीण सुबह भैंस चराने के लिए जंगल गया था, इसी दौरान झारखंड की ओर से पहुंचे नर हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हाथी के कुचलने से ग्रामीण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
इलाके में दहशत
मिली जानकरी के अनुसार, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान ग्राम शिवपुर निवासी इन्द्रनाथ सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुची और ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और जंगल की ओर नहीं जाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्र में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
















