प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने एक समारोह के दौरान पीएम मोदी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इससे पहले दोनों नेताओं ने ताशकंद में द्विपक्षीय वार्ता की। बैठक में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने हिस्सा लिया।
इस बातचीत में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच आर्थिक सहयोग, तकनीक, ऊर्जा, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों देशों के रिश्तों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदलने की दिशा में आगे बढ़ने पर भी सहमति बनी।
दोनों देशों के बीच हुए कई अहम फैसले
द्विपक्षीय वार्ता के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं और दोनों पक्षों की टीमें भी इन फैसलों को लेकर सहमत हैं। उन्होंने बताया कि आपसी सहयोग के अलग-अलग क्षेत्रों को बेहतर दिशा देने के लिए विदेश मंत्री स्तर पर एक समन्वय परिषद बनाई जाएगी।
इसके अलावा दोनों देशों के संयुक्त आयोग को सचिव स्तर से बढ़ाकर मंत्री स्तर पर करने का फैसला लिया गया है। दोनों देश मिलकर एक बिजनेस समिट भी आयोजित करेंगे, जिसमें दोनों देशों के कारोबारी और बिजनेस लीडर शामिल होंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि यूरेनियम की आपूर्ति के लिए लंबे समय की व्यवस्था तैयार की जाएगी। इसके साथ ही तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट समझौतों की क्षमता का पूरा लाभ उठाने के लिए रोडमैप तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री ने उज्बेकिस्तान के ‘न्यू ताशकंद’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए भारत की GIFT सिटी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि उज्बेकिस्तान से एक प्रतिनिधिमंडल को भारत आमंत्रित किया जाएगा, ताकि वह तकनीक के इस्तेमाल और GIFT सिटी के विकास का अध्ययन कर सके।
मिर्जियोयेव ने की भारत की तरक्की की तारीफ
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक विकास की तेज रफ्तार बनाए हुए है और बड़े प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।
मिर्जियोयेव ने डिजिटल तकनीक, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की आवाज और प्रभाव लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत के करीबी मित्र के तौर पर उज्बेकिस्तान इन उपलब्धियों से खुश है।
इससे पहले दो दिवसीय यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया गया था। यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।















