Chhatisgarh Samachar : अम्बिकापुर 08 सितम्बर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की जनसेवा की मंशा के अनुरूप संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। जिले के लुण्ड्रा तहसील अंतर्गत ग्राम बकनाकला, पोस्ट उदारी निवासी निलंबर सिंह के परिवार को भी सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से राहत मिली है।
निलंबर सिंह की भतीजी की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद प्राकृतिक आपदा राहत के अंतर्गत मिलने वाली मुआवजा राशि के संबंध में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर कॉल कर अपनी समस्या दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज होने के पश्चात प्रकरण संबंधित राजस्व अधिकारियों को भेजा गया। तहसील स्तर पर आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के संशोधित प्रावधानों के तहत प्राकृतिक आपदा राहत राशि स्वीकृत की गई।
निलंबर सिंह कि भतीजी की आकस्मिक मृत्यु से परिवार गहरे दुख में था। ऐसे कठिन समय में सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से उनकी समस्या शासन तक पहुंची और संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। राहत राशि मिलने से परिवार को आर्थिक सहयोग मिला है।
उन्होंने कहा, “मेरी भतीजी की आकाशीय बिजली से मृत्यु हो गई थी। मैंने इसके संबंध में सीएम हेल्पलाइन 1076 में कॉल किया था। शिकायत के बाद तहसीलदार के माध्यम से प्रक्रिया पूरी हुई और मुआवजा राशि उनके खाते में आ गई। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूँ।
सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। निलंबर सिंह के प्रकरण में भी शिकायत दर्ज होने के बाद राजस्व अमले द्वारा आवश्यक कार्रवाई कर प्राकृतिक आपदा राहत राशि प्रदान की गई। निलंबर सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में शासन से मिली यह सहायता उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहायता है।
















