Earthquake News:भारत, इंडोनेशिया और म्यांमार के कई शहरों में देर रात से लेकर आज सुबह तक भूकंप के झटके अनुभव किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने इस घटना की पुष्टि की, जिसमें बताया गया कि इंडोनेशिया में आज सुबह 5:07 बजे भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 थी। इसका केंद्र धरती के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
इससे पहले भी म्यांमार में रात 11:42 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता 4.6 मापी गई। साथ ही, भारत के त्रिपुरा और मध्य प्रदेश में भी भूकंप के झटके अनुभव किए गए। त्रिपुरा के धलाई में रात 12:57 बजे 3.8 की तीव्रता वाला भूकंप आया, जिसका केंद्र 30 किलोमीटर की गहराई पर था। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में भी रात 1:16 बजे 2.5 की तीव्रता का भूकंप आया।
इंडोनेशिया में डरकर घरों से बाहर निकले लोग
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक , भारत, इंडोनेशिया और म्यांमार में भूकंप से जान-माल कि हानि होने कि कोई खबर सामने नहीं आई है लेकिन भूकंप के झटके लगने से इंडोनेशिया के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. क्योंकि झटके इतनी जोर से लगे कि लोग अपने घरों से बाहर निकल आए थे और कई घंटों तक सड़कों पर ही रहें. इंडोनेशिया की सरकार ने फील्ड में राहत और बचाव टीमों का उतार दिया है, जो भूकंप से प्रभावित इलाकों की देखरेख कर रहे हैं. साथ ही सरकार ने लोगों से गुहार लगाई है कि वे चिंतित न हों और आपात स्थिति में इमरजेंसी नंबरों पर कॉल करें.
















