Raigarh News : रायगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में चल रहे “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” के तहत मंगलवार को रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव व ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी के संयुक्त नेतृत्व में “वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च” निकाला गया। पूरे कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी श्रीमती जरिता जैतफलांग जी की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस से हुई। प्रेस कांफ्रेंस को प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी जरिता जैतफलांग,खरसिया विधायक व पूर्व मंत्री उमेश पटेल,लैलूंगा विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पूर्व अध्यक्ष मुमताज भारती, ट्रेड यूनियन कौंसिल नेता गणेश कछवाहा,सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया इसके पश्चात कांग्रेस भवन से “वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च” निकाला गया। मार्च में कांग्रेसजनों ने “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “वोट चोर गद्दी छोड़”, “ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो” जैसे जोरदार नारों के साथ गांधी प्रतिमा स्थल पहुंचे।
गांधी प्रतिमा स्थल पर आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं के अलावा रायगढ़ बचाओ संघर्ष मोर्चा,ट्रेड यूनियन , कर्मचारी संघ, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी,प्रगति लेखक संघ, सहित अनेक बुद्धिजीवी वरिष्ठों ने निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए वर्तमान समय में लोकतंत्र की किस तरह से अवहेलना की जा रही है इस पर चिंता जाहिर की ।
सभा को संबोधित करते हुए श्रीमती जरिता जैतफलांग ने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने वोट के माध्यम से सरकार चुनती है। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में उठ रहे सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, मतदाता के अधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर देशभर में आवाज उठा रही है।
उन्होंने कांग्रेसजनों से कहा कि यह मुद्दा केवल पार्टी संगठन तक सीमित न रहे, हर मतदाता तक लोकतंत्र और उसके मताधिकार की अहमियत पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के वोट की ताकत को कमजोर करने वाली किसी भी परिस्थिति पर लोकतांत्रिक तरीके से सवाल उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि आज रायगढ़ की सड़कों पर जनता की आवाज स्पष्ट संदेश दे रही है कि जनता के वोट की विश्वसनीयता से जुड़े सवालों को दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ और वार्ड स्तर तक जाकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेंगे। जिस वोट से सरकार बनती है, उसी वोट की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।
नगेन्द्र नेगी ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े इस सवाल को मजबूती से उठाती रहेगी और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सवालों पर स्पष्ट जवाब और जवाबदेही की मांग जारी रहेगी।
सभा को संबोधित करते हुए खरसिया विधायक व पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता का आधार जनता का विश्वास है। यदि मतदाता सूची अथवा निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सवाल सामने आते हैं तो उनका समाधान तथ्यों, पारदर्शिता और स्पष्ट जवाब के माध्यम से होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं से सवाल पूछना नागरिकों और राजनीतिक दलों का लोकतांत्रिक अधिकार है। कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर स्पष्टता आना जरूरी है, क्योंकि निर्वाचन प्रक्रिया पर जनता का भरोसा ही लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।
सभा के दौरान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुमताज भारती ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन करते हुए उपस्थित लोगों को समझाया कि लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव वयस्क मताधिकार के आधार पर होते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ने नागरिकों के मताधिकार को निर्वाचन व्यवस्था में महत्वपूर्ण शक्ति प्रदान किया है।
मुमताज भारती ने आरोप लगाया कि मतदाता के इसी संवैधानिक अधिकार से जुड़े गंभीर सवालों और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर देश भर में गंभीर आपत्तियां उठ रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस वोट के आधार पर जनता अपने प्रतिनिधि चुनती है, उस वोट की शुचिता और मतदाता सूची की विश्वसनीयता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
ट्रेड यूनियन कौंसिल के गणेश कछवाहा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। जनता के मन में निर्वाचन व्यवस्था को लेकर कोई सवाल हो तो उसका समाधान स्पष्ट तरीके से होना चाहिए।
कर्मचारी संघ के नेता कलीमुल्लाह खान ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लगातार उठाना होगा।
सभा में लैंलूंगा विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार,रायगढ़ बचाओ संघर्ष मोर्चा के बासुदेव शर्मा,प्रगति लेखक संघ सचिव हर्ष सिंह किसान नेता लम्बोदर साव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेराम तिवारी समाज पार्टी के नेता समयलाल यादव ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने “वोट बचाओ–देश बचाओ” “ज्ञानेश ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” के नारों के साथ मतदाता अधिकारों की सुरक्षा एवं निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग दोहराई। इसके बाद ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया और सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, ट्रेड यूनियन कौंसिल,कर्मचारी संघ, कम्युनिस्ट नेता, लेखक संघ,रायगढ़ बचाओ संघर्ष मोर्चा, कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस द्वारा आयोजित “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” के तहत “वोट बचाओ देश बचाओ” मार्च की विशेष बात यह रही कि इस कार्यक्रम को रायगढ़ बचाओ संघर्ष मोर्चा,ट्रेड यूनियन कौंसिल,कर्मचारी संघ, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी,प्रगति लेखक संघ,समाज पार्टी,किसान संघ,सहित विभिन्न संगठनों व उनके नेताओं ने प्रत्यक्ष रूप से अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए तहेदिल से समर्थन दिया जिसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने पूरे कांग्रेस परिवार की ओर से सभी का सहृदय से आभार व्यक्त कर कोटिशः धन्यवाद ज्ञापित किया है।
















