Raigarh News : *रायगढ़, 10 अक्टूबर* । प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए किए गए नवाचारों की प्रदेश स्तर पर सराहना की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में विशेष कर युवाओं के लिए आयोजित “लघु फिल्म प्रतियोगिता” को प्रदेश के जिलों में अनूठे नवाचारों में शामिल किया गया। इस उपलब्धि के लिए रायगढ़ पुलिस को रायपुर में आयोजित साइबर जागृति अभियान अभिनंदन समारोह में माननीय मुख्यमंत्री जी, गृहमंत्री जी एवं पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम सर द्वारा सम्मानित किया गया।

Read More: Shardiya Navratri 2026: कल से शारदीय नवरात्रि शुरू, जान लें घट स्थापना का शुभ मुहूर्त
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित साइबर जागृति अभियान के तहत सभी जिलों को अपने-अपने स्तर पर नवाचारों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य दिया गया था। इसी क्रम में रायगढ़ पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, औद्योगिक संयंत्रों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर 350 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के दौरान करीब 37 हजार लोगों की साइबर जागरूकता सेल्फी एंट्री कराई गई तथा जिले के लगभग 2 लाख लोगों तक साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव का संदेश पहुंचाया गया।
अभियान को युवाओं से जोड़ने और साइबर अपराधों के प्रति रचनात्मक तरीके से जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर रायगढ़ पुलिस ने लघु फिल्म प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता को व्यापक प्रतिसाद मिला और देश के 11 राज्यों से कुल 162 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। इतना ही नहीं, रूस से भी एक प्रतिभागी ने अपनी फिल्म प्रतियोगिता के लिए भेजी। इस अभिनव पहल के माध्यम से युवाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर मिला।
रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता पर आधारित “The Cyber Trap” लघु फिल्म का निर्माण भी किया गया, जिसकी कहानी एवं निर्देशन युवा निर्देशक ऋभू समर्थ सिंह ने किया है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें अतिथियों के साथ 2,000 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों ने फिल्म देखी। इस अवसर पर लघु फिल्म प्रतियोगिता की दोनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली फिल्मों की टीमों को सम्मानित करते हुए पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विजेता प्रतिभागियों को माननीय वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं दुर्ग सांसद श्री विजय बघेल के हाथों पुरस्कृत किया गया।

लघु फिल्म प्रतियोगिता के विचार एवं आयोजन की राज्य स्तर पर सराहना हुई और इसे प्रदेश के आठ अनूठे नवाचारों में स्थान दिया गया।
Read More : Veg Thali Price Hike: त्योहारों से पहले महंगाई का झटका; प्याज 89% तो कुकिंग ऑयल 12% उछला
रायगढ़ पुलिस की यह पहल दर्शाती है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए केवल पारंपरिक जागरूकता कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि युवाओं की रचनात्मक भागीदारी और नवाचार भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जिले में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रमों के साथ लघु फिल्म प्रतियोगिता के आयोजन ने साइबर सुरक्षा के संदेश को नए माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का अवसर दिया। प्रदेश स्तर पर मिला सम्मान रायगढ़ पुलिस द्वारा जनसहभागिता के माध्यम से साइबर जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
















