telangan Boat Accident तेलंगाना के खम्मम जिले से बड़े हादसे के बारे में जानकारी सामने आई है। यहां बेथुपल्ली झील में मछुआरों को बचाते समय रेस्क्यू के लिए गई SDRF की दो नावें अचानक पलट गईं। सामने आई जानकारी के मुताबिक, तेज हवा और पानी के बहाव के कारण ये नावें पलट गई हैं जिसके बाद 10 कांस्टेबल लापता हैं। डाइवर्स और बचावकर्मी इन सभी 10 लापता कांस्टेबलों की तलाश में जुटे हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
दरअसल, ये हादसा खम्मम जिले के सथुपल्ली मंडल में हुआ है। इलाके में स्थित बेथुपल्ली झील में पांच मछुआरों को बचाते समय SDRF की दो नावें अचानक पलट गईं। इसके बाद डीप-सी डाइवर्स और बचावकर्मी 10 लापता कांस्टेबलों की तलाश में जुटे हुए हैं। वहीं, सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और हालात पर नजर रख रहे हैं। हादसे की जानकारी सामने आने के बाद से मौके पर तनाव का माहौल है।
CM रेवंत रेड्डी ने क्या कहा?
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी खम्मम जिले में हुए हादसे का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को रेस्क्यू में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खम्मम जिले कलेक्टर को SDRF के जवानों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चीफ सेक्रेटरी को समय-समय पर स्थिति का रिव्यू करने के भी निर्देश दिए हैं। आपको बता दें कि इससे पहले तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में डांडिया कार्यक्रम के दौरान हादसा हुआ था। यहां लाइटिंग के लिए लगा आर्च गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई थी और 12 लोग घायल हो गए थे।
राज्य के मंत्री ने दिया अपडेट
राज्य के रेवेन्यू, हाउसिंग और इन्फॉर्मेशन और पब्लिक रिलेशन्स मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने खम्मम जिले के सथुपल्ली चुनाव क्षेत्र में बेथुपल्ली झील में SDRF की नावों के गायब होने की घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हम बेथुपल्ली झील में SDRF की नावों के गायब होने की घटना का लगातार रिव्यू कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पहले ही घटना की जांच कर चुके हैं और डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर को SDRF कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर सभी राहत उपाय करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को उस इलाके में राहत उपायों में तेजी लाने और सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण और नावें उपलब्ध कराने का निर्देश दिया जहां घटना हुई थी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को SDRF कर्मियों का पता लगाने के लिए तालमेल से काम करने का निर्देश दिया।
telangan Boat Accidentमंत्री ने कहा कि वे समय-समय पर डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर से बात कर रहे हैं और राहत उपायों की प्रगति का लगातार रिव्यू कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह कल सुबह मौके पर पहुंचकर खुद हालात का जायजा लेंगे और बचाव काम की निगरानी करेंगे। मंत्री ने साफ किया कि सरकार की पहली प्राथमिकता SDRF के जवानों को सुरक्षित बाहर निकालना है।















