Raigarh News : रायगढ़। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने, आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री शाखा यादव एवं वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती अनुपमा शाखा यादव के सौजन्य से विगत 10 वर्षों से निरंतर संचालित परंपरा का इस वर्ष भी दीपावली के शुभ अवसर पर निर्वहन किया गया। इस अवसर पर शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों एवं स्वच्छता दीदियों को दीपावली की शुभकामनाओं के साथ उपहार स्वरूप टी-शर्ट एवं साड़ियां भेंट की गईं तथा दीपावली का मिष्ठान वितरित कर पर्व की खुशियां साझा की गईं।

Read More : IND vs NZ: कल खेला जाएगा भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे मैच, जानिए कितने बजे शुरू होगा मुकाबला?
इस अवसर पर शाखा यादव ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों एवं स्वच्छता दीदियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये सभी लोग अपनी मेहनत और समर्पण से प्रतिदिन शहर की स्वच्छता का दायित्व निभाते हैं। त्योहारों के अवसर पर भी जब अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ खुशियां मनाते हैं, तब स्वच्छता कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शहर को साफ-सुथरा रखने में जुटे रहते हैं। ऐसे में हमारा भी दायित्व है कि हम उनके श्रम, योगदान और भावनाओं का सम्मान करें तथा त्योहार की खुशियों में उन्हें सहभागी बनाएं।
श्रीमती अनुपमा शाखा यादव ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से दीपावली के अवसर पर सफाई कर्मियों एवं स्वच्छता दीदियों के सम्मान और सहयोग की यह परंपरा निरंतर जारी है। इसका उद्देश्य उन मेहनतकश लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करना है, जिनके अथक परिश्रम से हमारा शहर स्वच्छ रहता है। समाज के प्रत्येक वर्ग को त्योहार की खुशियों में समान रूप से शामिल करना ही इस पहल की मूल भावना है।
इस अवसर पर नंदनी सोना ,
बनीता बाग ,हीरमनिया सतनामी,सरोज एक्का ,
गेंद बाई नटवर ,पदमनि साडे,
प्रियंका साहू, नित्यानंद चौहान, उमेश सोना,
गोपाल सोना, अरुण गन ,
भारती, सुरुचि, जगदम्बा नंदनी, सहित सभी सफाई कर्मियों एवं स्वच्छता दीदियों ने उपहार और मिष्ठान पाकर प्रसन्नता व्यक्त की। शाखा यादव एवं अनुपमा शाखा यादव ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

संदेश यही है कि दीपावली की रोशनी तभी सार्थक है, जब उसकी खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और दूसरों के जीवन में भी मुस्कान का उजाला बिखेरे।















