Jammu & Kashmir earthquake जम्मू-कश्मीर में 14 नवंबर को लगभग 12 घंटे के भीतर 4 बार भूकंप आने से हड़कंप मच गया। इन सभी भूकंपों के केंद्र डोडा और किश्तवाड़ में मिले। इनमें सबसे ज्यादा तीव्रता वाला भूकंप डोडा में सुबह 8 बजकर 48 मिनट पर आया। रिक्टर स्केल पर जिसकी तीव्रता 3.8 दर्ज की गई। इसका सेंटर जमीन में 5 किलोमीटर की गहराई में था। दिलचस्प बात ये रही कि डोडा में तो 3 भूकंपों का केंद्र लगभग सीधी रेखा में था।
जम्मू-कश्मीर में 14 नवंबर को कब-कब आए भूकंप?
पहला भूकंप देर रात 2 बजकर 38 मिनट पर किश्तवाड़ में आया था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.3 मापी गई। इस भूकंप का केंद्र जमीन में 15 किलोमीटर नीचे था।
फिर, सुबह 8 बजकर 31 मिनट पर डोडा में भूकंप आया। इसकी तीव्रता 2.7 थी। जमीन में इसके भूकंप के केंद्र की गहराई 10 किलोमीटर थी।
दूसरे भूकंप के महज 17 मिनट बाद डोडा में फिर धरती कांप गई। यह भूकंप सुबह 8 बजकर 48 मिनट पर आया। इसकी तीव्रता चारों में सबसे अधिक थी। रिक्टर स्केल पर इसे 3.8 मापा गया।
वहीं, चौथा भूकंप दोपहर 1 बजकर 9 मिनट पर डोडा में आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.9 मापी गई। इसका सेंटर जमीन में 10 किलोमीटर की गहराई में था।
डोडा में आए 3 भूकंपों में दिखा अजीब पैटर्न
गौरतलब है कि डोडा में आए तीनों भूकंप 11.5 किलोमीटर के दायरे में करीब-करीब एक सीधी रेखा बनाते हैं। तीन भूकंपों यानी M2.7, M3.8 और M2.9 के केंद्र पूर्व से पश्चिम की ओर लगभग एक सीधी रेखा में स्थित पाए गए।
तीनों भूकंप केवल 4 घंटे 38 मिनट के अंतराल में आए।
इनकी दर्ज की गई गहराई 5 से 10 किलोमीटर के बीच है, जो कम गहराई वाली भूकंपीय गतिविधि को दिखाते हैं।
सबसे शक्तिशाली भूकंप का केंद्र केवल 5 किलोमीटर की गहराई पर आया।
इन भूकंपों के सेंटर अपेक्षाकृत संकरे भौगोलिक क्षेत्र में केंद्रित हैं।
Jammu & Kashmir earthquakeहालांकि, इन तीनों भूकंप के केंद्रों का लगभग एक सीधी रेखा में होना, किसी बड़े भूकंप के आने का संकेत नहीं देता है। फिर भी, भूकंप की इन घटनाओं ने डोडा में भूकंपीय अध्ययन और निगरानी के लिए दिलचस्पी बढ़ा दी है। इससे पहले, 30 अक्टूबर को भी सुबह-सुबह कश्मीर घाटी में भूकंप के झटके लगे थे। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गई थी।
















