Tiger Shroff Tenu Leke Jaana Teaser बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में लौट आए हैं। मुंबई में हुई फायरिंग की घटना के करीब एक महीने बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर वापसी की है। सोमवार को उन्होंने अपने अपकमिंग गाने ‘तेनु लेके जाना’ का टीजर इंस्टाग्राम पर शेयर किया। 18 अक्टूबर को हुई फायरिंग की घटना के बाद यह उनका पहला सोशल मीडिया पोस्ट है। इस वीडियो में टाइगर ब्लैक टक्सीडो में अपने शानदार लुक और फिट बॉडी को फ्लॉन्ट करते नजर आ रहे हैं। उनके साथ अभिनेत्री केतिका शर्मा भी दिखाई दे रही हैं। टाइगर की वापसी से उनके प्रशंसक काफी खुश हैं और सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
‘एक और चांस, एक और डांस’, टाइगर ने खास अंदाज में की वापसी
टाइगर श्रॉफ ने अपने नए गाने का टीजर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘एक और चांस, एक और डांस।’ अभिनेता के इस छोटे से संदेश को उनकी वापसी का संकेत माना जा रहा है। वीडियो में वह ब्लैक टक्सीडो पहने नजर आते हैं। उनके शानदार डांस मूव्स और सिक्स पैक एब्स भी टीजर का खास आकर्षण हैं। गाने में टाइगर अभिनेत्री केतिका शर्मा के साथ रोमांस करते दिखाई देंगे। टाइगर की बहन कृष्णा श्रॉफ ने भी भाई की वापसी पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कमेंट सेक्शन में फायर इमोजी शेयर किया। इसके अलावा उन्होंने एक दूसरे कमेंट में लिखा, ‘वो वापस आ गया.’ वहीं, अभिनेता के फैंस भी उन्हें लंबे समय बाद सोशल मीडिया पर देखकर उत्साहित नजर आए। एक यूजर ने लिखा, ‘हमारा हीरो वापस आ गया।’ दूसरे ने कमेंट किया कि लंबे समय बाद टाइगर को अपनी फीड पर देखकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। एक अन्य फैन ने लिखा, ‘टाइगर 2.0 वर्जन लोड हो गया है।’
read more Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के इन अधिकारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा, GAD ने जारी किया आदेश
18 नवंबर को रिलीज होगा टाइगर का नया गाना
Tiger Shroff Tenu Leke Jaana Teaserटाइगर श्रॉफ का गाना ‘तेनु लेके जाना’ 18 नवंबर 2026 को टी-सीरीज के बैनर तले रिलीज होने वाला है। यह साल 2009 में आई फिल्म ‘जय वीरू’ के गाने ‘तेनु ले’ का रीक्रिएटेड वर्जन है। ओरिजिनल गाने को ओमर इनायत ने अपनी आवाज दी थी। इसमें कुणाल खेमू और अंजना सुखानी नजर आए थे। अब नए वर्जन में टाइगर और केतिका शर्मा की जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करती दिखाई देगी।
जाह्नवी कपूर के साथ पुणे में की गाने की शूटिंग
सोशल मीडिया पर वापसी से पहले टाइगर अपने काम पर भी लौट चुके हैं। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने हाल ही में पुणे में जाह्नवी कपूर के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘लग जा गले’ के लिए चार दिनों तक एक गाने की शूटिंग पूरी की है। यह शूट पुणे के कल्याणी नगर स्थित एक लोकप्रिय पब में हुआ। इस डांस नंबर को मशहूर कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस ने कोरियोग्राफ किया है। शूटिंग के दौरान टाइगर ब्लॉन्ड हेयर लुक में नजर आए। बताया गया कि वह शॉट्स के बीच डांसर्स और वहां मौजूद स्टाफ के साथ तस्वीरें भी खिंचवा रहे थे।
फायरिंग के बाद टाइगर की सुरक्षा अब भी सख्त
काम पर वापसी के बावजूद टाइगर की सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अभिनेता की टीम और उनके करीबियों से नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) पर हस्ताक्षर करवाए गए हैं। इसके तहत उन्हें टाइगर की लोकेशन और शूटिंग शेड्यूल से जुड़ी जानकारी साझा करने की अनुमति नहीं है।
18 अक्टूबर को टाइगर की कार पर हुई थी फायरिंग
Tiger Shroff Tenu Leke Jaana Teaserगौरतलब है कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। घटना के वक्त अभिनेता अपने ड्राइवर के साथ फुटबॉल ग्राउंड से लौट रहे थे। इस हमले में टाइगर सुरक्षित बच गए थे, लेकिन उनके ड्राइवर के हाथ में गोली लगी थी। वहीं, पास में मौजूद एक फैन भी फायरिंग के दौरान घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले में कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के बाद से ही टाइगर ने सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। अब करीब एक महीने बाद उनकी वापसी और शूटिंग शुरू करने की खबर ने प्रशंसकों को राहत दी है।














