छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही लगातार लोगों की जान ले रही है। इसी कड़ी में एक बार फिर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
यह हादसा भानुप्रतापुर–दल्ली राजहरा मार्ग पर ग्राम टेकाढ़ोडा (साल्हे) के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक ग्राम साल्हे के निवासी थे और बाइक से भानुप्रतापुर की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे लौह अयस्क से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
50 मीटर तक घसीटता रहा ट्रक
टक्कर के बाद दृश्य बेहद भयावह हो गया। एक युवक ट्रक के नीचे फंस गया, जबकि दूसरा युवक पिछले पहियों के नीचे आ गया। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कच्चे पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक के नीचे फंसी बाइक और शवों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। इस कारण करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में वह खुद कच्चे पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबर लिखे जाने तक मृतक युवकों की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस द्वारा शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
















