रायगढ़, 25 जनवरी 2026/
‘माई इंडिया, माई वोट’ थीम पर आज 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जिला कलेक्ट्रेट स्थित सृजन सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम के रूप में मनाया गया। इस मौके पर भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार का प्रेरक संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री जितेंद्र कुमार जैन रहे। उन्होंने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती नेहा यति मिश्रा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा, अपर कलेक्टर श्री रवि राही सहित जिले के एसडीएम, प्रशासनिक अधिकारी, कलेक्ट्रेट कर्मचारी, बड़ी संख्या में नए मतदाता और आम नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर निर्वाचन कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, बीएलओ और सुपरवाइजर समेत 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं मतदाता जागरूकता के तहत आयोजित रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। नए मतदाताओं को एपिक कार्ड प्रदान कर उन्हें आगामी चुनाव में सक्रिय भागीदारी और निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधान न्यायाधीश और कलेक्टर ने सभाकक्ष परिसर में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई मतदाता जागरूकता संबंधी रंगोली और चित्रों का अवलोकन कर सराहना की। इस दौरान सेल्फी बूथ पर फोटो खिंचवाकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जैन ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। मतदान हर पात्र नागरिक का अधिकार होने के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। सभी मतदाताओं की भागीदारी से ही मजबूत लोकतंत्र और जिम्मेदार नेतृत्व का निर्माण संभव है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीप कार्यक्रम के तहत लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नए मतदाताओं ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है, जो लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।
















