उत्तर प्रदेश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उन मतदाताओं की सूची भी अपलोड की गई है, जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। अगर किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं है या विवरण में गलती है, तो वह 6 फरवरी तक आपत्ति दर्ज करा सकता है।
इस बार SIR प्रक्रिया के बाद करीब 2.89 करोड़ नाम वोटर लिस्ट से कम होने की जानकारी सामने आई है, जिससे सियासी गलियारों के साथ-साथ आम मतदाताओं में भी चिंता बढ़ गई है।
कब जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट?
निर्वाचन आयोग ने फिलहाल सिर्फ ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की है। अंतिम यानी फाइनल वोटर लिस्ट 6 मार्च को जारी की जाएगी। इस दौरान यदि किसी मतदाता के नाम, पते या अन्य विवरण में त्रुटि है, तो वह 6 फरवरी तक अपने क्षेत्र के बीएलओ (BLO) कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकता है
अगर नाम कट गया है तो क्या करें?
यदि किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हट गया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आयोग ने आपत्ति और सुधार का पूरा मौका दिया है। मतदाता निर्धारित तिथि यानी 6 फरवरी तक BLO ऑफिस में आवेदन देकर नाम जोड़ने या सुधार की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
- 15030 नए पोलिंग बूथ बनाये गए।
- 12 करोड़ 55 हजार गणना पत्र आए ।
- कितने वोटर कम हुए- 2.89 करोड़
- परमानेंट शिफ्ट हुए- 2.17 करोड़
- मौत हो चुकी है- 46.23 लाख
- डुप्लीकेट वोटर या लापता- 25.47 लाख
कैसे करें डाउनलोड करें वोटर लिस्ट?
अगर आप यूपी में रहते हैं और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक करना चाहते हैं तो-
- सबसे पहले आप https://voters.eci.gov.in/ वेबसाइट पर जाएं।
- यहां Download Electoral Roll पर क्लिक करें।
- इसके बाद राज्य, जिला, अपनी विधानसभा, भाषा, कैप्चा कोड और भाग संख्या चुननी होगी।
- भाग संख्या वह चुनें, जिसमें आपका वोट है।
- सबकुछ भरने के बाद Download Selected PDFs पर क्लिक करें, वोटर लिस्ट डाउनलोड हो जाएगी।
















