शुक्रवार को सोने और चांदी की चमक फीकी पड़ गई। कीमतों में जोरदार गिरावट के चलते बाजार में हलचल मच गई। 30 जनवरी को कारोबार में सोना और चांदी बीते कई महीनों की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट के साथ बंद हुए।

बाजार में चांदी के भाव करीब 17 प्रतिशत गिरकर 3.32 लाख रुपये प्रति किलो रह गए, जबकि सोने की कीमत में भी लगभग 9 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोना 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
ऊंचे स्तरों पर निवेशकों की भारी मुनाफावसूली, वैश्विक बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के चलते कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला, जिससे सोने-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट आई।

67,891 रुपये घट गई चांदी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी 67,891 रुपये या 16.97% टूटकर 3,32,002 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। यह एक दिन में चांदी की अब तक की सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है। इससे पहले गुरुवार को चांदी करीब 9% की तेजी के साथ 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी और 3,99,893 रुपये पर बंद हुई थी।

सोना 15,246 रुपये कमजोर
इसी तरह, सोने के भाव में भी तेज बिकवाली देखने को मिली। MCX पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 15,246 रुपये या 9% गिरकर 1,54,157 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एक दिन पहले गुरुवार को सोना करीब 9% उछलकर 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था, हालांकि बाद में मुनाफावसूली के चलते यह 1,69,403 रुपये प्रति 10 ग्राम पर फिसल गया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं में भारी बिकवाली
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट देखी गई। कॉमेक्स पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी 19.30 डॉलर यानी 16.87% गिरकर 95.12 डॉलर प्रति औंस के इंट्रा-डे निचले स्तर तक आ गई। इससे पहले चांदी ने 121.78 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड स्तर भी छुआ था।

वहीं, कॉमेक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 392.1 डॉलर यानी 7.32% टूटकर 4,962.7 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। गुरुवार को सोने ने 5,626.8 डॉलर प्रति औंस का ऑल-टाइम हाई बनाया था।
















