यदि आपने अपने आधार कार्ड में ईमेल आईडी को अभी तक अपडेट नहीं किया है या पुरानी ईमेल को बदलने की इच्छा कर रहे हैं, तो यह आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार धारकों के लिए एक बड़ा तोहफा प्रदान किया है। 1 जुलाई से लेकर 31 दिसंबर 2026 तक, आधिकारिक आधार ऐप के माध्यम से ईमेल पता जोड़ने या अपडेट करने की प्रक्रिया में लगने वाली 75 रुपये की शुल्क पूरी तरह से माफ कर दी गई है।
यानी अब आप घर बैठे अपने स्मार्टफोन से यह काम बिल्कुल फ्री में कर सकते हैं। ध्यान रहे कि यह छह महीने की छूट केवल 31 दिसंबर 2026 तक ही है, इसके बाद दोबारा फीस लगनी शुरू हो जाएगी। आइए जानते हैं कि UIDAI ने यह कदम क्यों उठाया है और आप इसे कैसे अपडेट कर सकते हैं।
UIDAI क्यों दे रहा है फ्री में यह सुविधा?
अब आधार कार्ड में ईमेल आईडी लिंक होना सिर्फ मामूली एक कागजी काम नहीं है, बल्कि यह आपकी सुरक्षा से संबंधित है
रियल-टाइम अलर्ट: जब भी आपके आधार का इस्तेमाल किसी वेरिफिकेशन (जैसे बैंक खाता खोलने, सिम कार्ड लेने या सरकारी योजना का लाभ उठाने) के लिए होगा, तो आपके ईमेल पर तुरंत अलर्ट आ जाएगा।
फ्रॉड से बचाव: यदि कोई आपके आधार का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश करेगा, तो ईमेल आईडी लिंक होने की वजह से आपको तुरंत पता चल जाएगा और आप होने वाले फ्रॉड से बच सकेंगे।

मोबाइल से फ्री में ईमेल ऐसे अपडेट करें?
आप अपने फोन से सिर्फ 5 आसान स्टेप्स में यह काम पूरा कर सकते हैं:
- ऐप डाउनलोड करें: अपने एंड्रॉयड या आईफोन पर Aadhaar App ओपन करें और अपने आधार नंबर व रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की मदद से लॉग इन करें।
- सेक्शन चुनें: ऐप के अंदर दिए गए ‘Email Update’ वाले सेक्शन पर जाएं।
- ईमेल दर्ज करें: अपना नया या जो ईमेल आईडी सुधारना है, उसे वहां टाइप करें।
- OTP वेरिफिकेशन: आपके उसी ईमेल पर एक वन-टाइम पासवर्ड (OTP) आएगा, उसे डालकर वेरीफाई करें।
- कंफर्मेशन: बस आपका काम हो गया! आमतौर पर यह अपडेट 30 दिनों के अंदर प्रोसेस हो जाता है और आपके मोबाइल पर इसका कंफर्मेशन SMS आ जाता है।
आप चाहें तो टोल-फ्री नंबर 1947 पर कॉल करके या UIDAI की वेबसाइट पर जाकर भी इसका स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।
बता दें कि यह फ्री सेवा सिर्फ Aadhaar App के जरिए अपडेट करने पर ही मिलेगी। यदि आप किसी आधार सेवा केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक या डेमोग्राफिक अपडेट कराते हैं, तो वहां 50 रुपये की फीस पहले की तरह ही लगती रहेगी।
सुपरहिट हो रहा है नया आधार ऐप
जानकारी के अनुसार आपको बता दें कि इस सत्र की शुरुआत में पुराने mAadhaar ऐप की जगह नया Aadhaar App लॉन्च किया गया था, जिसे अब तक 31 करोड़ से ज्यादा लोग डाउनलोड कर चुके हैं। इस नए ऐप में प्राइवेसी और सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया है। इसके जरिए आप पूरा आधार शेयर करने के बजाय सिर्फ काम की जानकारी शेयर कर सकते हैं। साथ ही इसमें बायोमेट्रिक लॉक, QR कोड और फेस वेरिफिकेशन जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिलती हैं।















