जांजगीर से बड़ी वारदात सामने आई है। जहां सोते समय एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में गमगीन माहौल है।
सोते समय हत्या की आशंका
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा (Janjgir-Champa) जिले में बड़ी घटना से पूरा इलाका सन्न है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है. पुलिस को आशंका है कि सोते समय सभी की हत्या की गई है। पुलिस को चारों लाशें खून से लथपथ मिली हैं। रात में सोते समय धारदार हथियार से चारों की हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। ये सभी निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे। पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। पूरी घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पूरा मामला शिवरीनारायण थाना इलाके के भवंतरा गांव का बताया जा रहा है। इसमें मृतकों के नाम पीताम्बर कश्यप, मेदनी प्रसाद कश्यप, कुमारी मोगरा और शांति बाई शामिल हैं। जांजगीर पुलिस के अनुसार मृतकों का घर बन रहा था। इसलिए सभी चारों निर्माणाधीन मकान में ही सो रहे थे। पर जब सुबह मिस्त्री काम करने के लिए घर पर पहुंचा तो उसे चारों लोग खाटों पर बेसुध पड़े दिखाई दिए। इसके बाद मामले की जानकारी गांव के लोगों को दी गई। फिर यहां स्थानीय सरपंच ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि लाशें खून से सनी पड़ी थी।
प्राथमिक तौर पर मामला हत्या का
जांजगीर पुलिस के अनुसार प्राथमिक तौर पर पूरा मामला हत्या से जुड़ा लग रहा है। हो सकता है सोते समय ही चारों की हत्या की गई हो। घटना के बाद कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया गया और उनसे पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलूओं पर जांच की जा रही है। इसकी जानकारी एसपी को दे दी गई है। हालांकि घटना के बाद पूरे गांव में लोग सहमे हुए हैं। क्योंकि एक साथ चार लोगों की इस तरह से हत्या करना बड़ी घटना है।















