Chhattisgarh news today रायपुर में लंबे समय से लंबित ट्रैफिक ई-चालान के मामलों के निराकरण के लिए वाहन चालकों और वाहन स्वामियों को एक और मौका मिलने जा रहा है। आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत में शहर में जारी किए गए लंबित ई-चालान प्रकरणों का निपटारा किया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस ने वाहन स्वामियों से पहले ही पंजीयन कराने की अपील की है। यातायात पुलिस के अनुसार, लोक अदालत में 23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी 2026 के बीच जारी किए गए लंबित ई-चालान प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। ऐसे वाहन स्वामी जिनके वाहनों पर इस अवधि के दौरान ई-चालान जारी हुए हैं और उनका भुगतान या निराकरण अब तक नहीं हुआ है, वे इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
8 दिसंबर तक कराना होगा पंजीयन
लोक अदालत में अपने लंबित ई-चालान का मामला रखने के लिए वाहन स्वामियों को 8 दिसंबर 2026 तक पंजीयन कराना होगा। इसके लिए वे अपने नजदीकी यातायात थाने या यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी पहुंच सकते हैं। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पंजीयन की प्रक्रिया लोक अदालत से पहले पूरी करनी होगी, ताकि निर्धारित तारीख पर प्रकरणों का निराकरण किया जा सके। पंजीयन के लिए शहर में कुल नौ स्थान निर्धारित किए गए हैं।
ऑनलाइन भी देख सकते हैं ई-चालान की स्थिति
Chhattisgarh news todayजिन वाहन चालकों को यह जानकारी नहीं है कि उनके वाहन पर कोई ई-चालान लंबित है या नहीं, वे इसकी जांच ऑनलाइन भी कर सकते हैं। इसके लिए परिवहन विभाग के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर जाकर वाहन नंबर या चालान से जुड़ी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद वाहन पर जारी चालान और उसकी लंबित स्थिति की जानकारी मिल सकेगी।
पंजीयन हेतु निर्धारित स्थान
यातायात थाना तेलीबांधा
यातायात थाना पचपेड़ी नाका
यातायात थाना भाठागांव बस स्टैंड
यातायात थाना टाटीबंध
यातायात थाना भनपुरी
यातायात थाना पंडरी पुराना बस स्टैंड
यातायात थाना शारदा चौक
यातायात थाना कालीबाड़ी
यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी















