छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और बिलासपुर में स्थित जिला न्यायालयों को आज सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक यह धमकी न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियातन दोनों न्यायालय परिसरों को तत्काल खाली कराया गया और वकीलों, कोर्ट कर्मचारियों समेत आम लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। अचानक की गई इस कार्रवाई से कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम कर दिए हैं। फिलहाल धमकी भरे ई-मेल की जांच की जा रही है और उसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश जारी है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और जांच प्रक्रिया जारी है।
















