छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की प्रकिया अब तेज हो गई है। सहायक शिक्षकों के बाद अब शिक्षक पदों के लिए लोक शिक्षा संचालनालय ने भर्ती विज्ञापन जारी किया है। जारी विज्ञापन के अनुसार प्रदेश में कुल 1654 पदों पर भर्ती की जाएगी। भर्ती संबंधित संभागीय संयुक्त संचालकों के अधीन की जाएगी।
विज्ञापन के अनुसार कुल सात विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें अंग्रेजी के 504, संस्कृत के 300, हिंदी के 250, गणित के 250, सामाजिक विज्ञान के 250 तथा कृषि के 100 पद शामिल हैं। कुल मिलाकर 1,654 पदों पर भर्ती होगी। लोक शिक्षा संचालनालय ने बताया कि पदों से संबंधित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, परीक्षा योजना, पाठ्यक्रम, आरक्षण सहित विस्तृत जानकारी https://vyapamcg.cgstate.gov.in और एजुकेशन पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी। ऑनलाइन आवेदन भी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विज्ञापन के अनुसार, लिखित परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं, चयन प्रक्रिया उच्चतम न्यायालय में लंबित प्रकरण से पारित होने वाले अंतिम आदेश या निर्णय के अधीन रहेगी।
