राजनांदगांव/अंबिकापुर, 28 जनवरी
छत्तीसगढ़ की तीन जिला अदालतों को बुधवार को गुमनाम ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और अदालत परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
इससे पहले 8 जनवरी को भी राजनांदगांव, दुर्ग और बिलासपुर की जिला अदालतों को इसी तरह धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे, हालांकि जांच में वे सभी धमकियां फर्जी पाई गई थीं।
अधिकारियों के मुताबिक, इस बार धमकी वाले ईमेल राजनांदगांव, अंबिकापुर (सरगुजा जिला मुख्यालय) और जगदलपुर (बस्तर जिला मुख्यालय) की जिला अदालतों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए। इसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे राजनांदगांव जिला अदालत को धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट परिसर खाली कराया गया।
इसी तरह अंबिकापुर और जगदलपुर की जिला अदालतों में भी तलाशी ली गई। बस्तर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जगदलपुर अदालत परिसर की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु, बम या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
पुलिस का कहना है कि धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच जारी है।















