जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के सिंहपोरा इलाके में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। जैश-ए-मोहम्मद के कई आतंकी इलाके में घिरे हुए हैं और दोनों ओर से लगातार गोलीबारी हो रही है।
सैन्य अधिकारियों के अनुसार, रविवार को सिंहपोरा क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया।
स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है। आतंकियों को भागने से रोकने के लिए पूरे इलाके की कड़ी घेराबंदी कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इलाके में मुठभेड़ जारी है। खुफिया इनपुट मिलने के बाद जम्मू डिवीजन के कठुआ, पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़, डोडा, उधमपुर और रियासी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इन जिलों के घने जंगल और पहाड़ी इलाकों में पाकिस्तानी आतंकियों की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है।
















