रायगढ़।रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वर्दी फाड़ने और अभद्र व्यवहार के इस प्रकरण में वीडियो वायरल होने के बाद पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। सोमवार को पुलिस ने मुख्य छठे आरोपी चित्रसेन साव को पडीगांव, तमनार से गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने आरोपी को जूते-चप्पलों की माला पहनाई, चूड़ियां पहनाकर प्रतीकात्मक विरोध जताया और फटाके फोड़कर आक्रोश व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों तमनार क्षेत्र से सामने आई यह घटना बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली थी। कोयला खदान के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक महिला कांस्टेबल के साथ भीड़ ने अमानवीय और निंदनीय व्यवहार किया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
वायरल वीडियो में दिखी हैवानियत
वायरल वीडियो के अनुसार उग्र भीड़ ने महिला कांस्टेबल को दौड़ाकर खेत में गिरा दिया और उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की। महिला आरक्षक एक हाथ से कपड़े संभालती रही और दूसरे हाथ से भीड़ को रोकने का प्रयास करती रही। वह लगातार रोते हुए छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन आंदोलन की आड़ में मौजूद असामाजिक तत्वों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। गाली-गलौज करते हुए सरेआम महिला पुलिसकर्मी का अपमान किया गया।
वीडियो वायरल होते ही एसपी ने लिया सख्त संज्ञान
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि इस मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जबकि अन्य वीडियो फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। महिला पुलिसकर्मी के साथ किया गया यह कृत्य अक्षम्य है और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















