छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज और SDRF के अंतर्गत निकाली गई फायरमैन और अन्य पदों (NSF26) पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रवेश पत्र 13 जुलाई 2026 को आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।
अभ्यर्थी व्यापम की ऑफिशियल वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in या cgssb.cgstate.gov.in पर जाकर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और पासवर्ड के माध्यम से इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, फायरमैन सहित अन्य विभिन्न पदों के लिए लिखित परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा ऑफलाइन मोड में केवल रायपुर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
पदों का विवरण
इस विशेष भर्ती अभियान (NSF26) के माध्यम से कुल 295 पदों को भरा जाएगा। इसमें सबसे अधिक 117 पद अकेले फायरमैन के हैं। इसके अलावा स्टेशन ऑफिसर (SI) के 21 पद, व्हीकल ड्राइवर के 14 पद, ड्राइवर-कम-ऑपरेटर के 86 पद, स्टोर कीपर के 32 पद, वॉच रूम ऑपरेटर के 19 पद और मैकेनिक के 2 पद रखे गए हैं ।
परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश
परीक्षार्थी को परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र / ड्रायविंग लायसेंस/पेन कार्ड/आधार कार्ड जिसमें अभ्यर्थी का फोटो हो, का एक मूल पहचान पत्र परीक्षा दिवस में परीक्षा केन्द्र में लाना अनिवार्य होगा।
मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा ।
परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटा पहले केन्द्र पर पहुंचना होगा, ताकी परीक्षार्थी का सत्यापन एवं फ्रिस्किंग किया जा सके।
परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जावेगा। परीक्षा प्रारंभ होने का समय 10:00 बजे है, इसलिए 9:30 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जावेगा ।
हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने जाए। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित होगा ।
फुटवियर के रूप में चप्पल पहनें। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है।
परीक्षा के प्रथम आधा घंटा एवं आखिरी आधा घंटा में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित है।
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा । उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जाँच से गुजरना पड़ेगा तभी ऐसे पोशाक की अनुमति होगी।
परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रिानिक उपकरण, इलेक्ट्रिानिक घडी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है।
निर्देशों का पालन न करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित किया जायेगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जावेगी ।
















