रायगढ़, 3 जनवरी 2026।
रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएचपी चौक, लिब्रा में धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, बदसलूकी, अमानवीय व निंदनीय व्यवहार, कपड़े फाड़ने, अभद्रता और लूट की गंभीर घटना में शामिल पांच आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में मंगल राठिया (निवासी ग्राम आमगांव), चिनेश खमारी (ग्राम आमगांव), प्रेमसिंह राठिया (ग्राम आमगांव), कीर्ति श्रीवास (ग्राम आमगांव) और वनमाली राठिया (निवासी ग्राम झरना) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक महिला आरक्षक पर जानलेवा हमला करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की, आपत्तिजनक कृत्य किए, अमानवीय एवं निंदनीय व्यवहार किया, कपड़े फाड़े तथा लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। इस गंभीर मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 309/25 दर्ज किया गया है।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 74, 76, 296, 351(2), 115(2), 221, 132, 309(4), 309(6), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
रायगढ़ पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गारे–पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान शुरू किए जाने के संबंध में 8 दिसंबर 2025 को धौराभांठा बाजार मैदान में जनसुनवाई आयोजित की गई थी। इसके विरोध में खदान क्षेत्र से प्रभावित 14 गांवों के ग्रामीणों ने 12 दिसंबर 2025 से सीएचपी चौक, लिब्रा में आर्थिक नाकेबंदी के उद्देश्य से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था।

स्थिति को सामान्य करने के लिए 27 दिसंबर 2025 को पुलिस-प्रशासन द्वारा मार्ग खुलवाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों द्वारा महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और भद्दी टिप्पणियां भी की गईं।
इस घटना को लेकर समाज में भारी आक्रोश है। महिला पुलिसकर्मी के साथ हुई अमर्यादित और आपत्तिजनक घटना के सभी पहलुओं की रायगढ़ पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















