छत्तीसगढ़ में रायपुर की सड़कों पर आपको घंटों जाम में खड़े नहीं होना पड़ेगा। दरअसल, शहरवासियों को ट्रैफिक से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने एक स्मार्ट पहल की है। अब अगर कहीं भी जाम लगता है, तो लोग सीधे पुलिस को सूचना दे सकेंगे। जिसकी मदद भी जल्दी पहुंचेगी।
यातायात पुलिस ने इसके लिए 9479210632 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस नंबर पर आप कॉल या फिर व्हाट्सएप के जरिए जाम की जानकारी दे सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचेगी और ट्रैफिक को सामान्य करने की कोशिश करेगी।
इस पूरी व्यवस्था को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर लागू किया गया है। खास बात ये है कि अब शहर के ट्रैफिक पर नजर रखने के लिए गूगल मैप का भी सहारा लिया जा रहा है। कंट्रोल रूम (ITMS) में बैठी टीम लाइव ट्रैफिक अपडेट देखेगी। जहां भी जाम या फिर दबाव दिखेगा, वहां तुरंत टीम भेजी जाएगी।
गूगल मैप के रंगों का मतलब समझिए
हरा: रास्ता बिल्कुल साफ, ट्रैफिक सामान्य
पीला: ट्रैफिक थोड़ा धीमा
लाल: भारी जाम, गाड़ियां रुक-रुक कर चल रही हैं
मेहरून: पूरा रास्ता जाम, ट्रैफिक ठप
अब ट्रैफिक से जूझ रहे लोगों के लिए ये पहल राहत की खबर है। क्योंकि अब सिर्फ इंतजार नहीं, एक कॉल से मदद आपके पास होगी।















