अगर आप Airtel का सिम इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। Adobe और Bharti Airtel ने गुरुवार को एक बड़ी साझेदारी का ऐलान किया है। इस पार्टनरशिप के तहत अब Airtel यूजर्स को Adobe Express Premium का एक साल का सब्सक्रिप्शन बिल्कुल मुफ्त दिया जा रहा है।
इस ऑफर का फायदा Airtel के प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों ग्राहकों को मिलेगा। इसके अलावा Airtel Xstream और DTH कनेक्शन वाले यूजर्स भी इस फ्री सब्सक्रिप्शन का लाभ उठा सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, इस साझेदारी के जरिए भारत के करीब 36 करोड़ यूजर्स को लगभग 4,000 रुपये की सब्सक्रिप्शन बिना किसी शुल्क के दी जा रही है।
फ्री Adobe Express Premium कैसे मिलेगा?
Adobe की प्रेस रिलीज के अनुसार, यूजर्स को यह फ्री सब्सक्रिप्शन Airtel Thanks ऐप के जरिए मिलेगा। अच्छी बात यह है कि इसे एक्टिवेट करने के लिए क्रेडिट कार्ड या पेमेंट डिटेल देने की जरूरत नहीं होगी। इससे पहले भी Airtel ने Perplexity के साथ मिलकर अपने यूजर्स को फ्री सर्विस ऑफर की थी।
Adobe Express Premium में क्या-क्या मिलेगा?
Adobe Express Premium के तहत Airtel यूजर्स को कई प्रीमियम फीचर्स का एक्सेस मिलेगा। इसमें हर महीने 250 जनरेटिव क्रेडिट, सभी प्रीमियम स्टैटिक और वीडियो टेम्पलेट्स, साथ ही 200 मिलियन से ज्यादा Adobe Stock फोटो, वीडियो, म्यूजिक और डिजाइन रिसोर्स शामिल हैं।
इसके अलावा यूजर्स को 30,000 से ज्यादा Adobe Fonts, एडवांस टूल्स जैसे वीडियो बैकग्राउंड रिमूव करना, बल्क एसेट रिसाइजिंग और 100GB क्लाउड स्टोरेज भी मिलेगी। माना जा रहा है कि Airtel और Adobe की यह साझेदारी भारत के कंटेंट क्रिएटर्स और छोटे कारोबारियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।
















