रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को नियमित रूप से चलाने की घोषणा की गई है।
इन ट्रेनों का सीधा फायदा पटना और आसपास के इलाकों के यात्रियों को मिलेगा। सभी ट्रेनें पटना जंक्शन या हाजीपुर-सोनपुर रेल मंडल से होकर गुजरेंगी, जिससे राजधानी पटना का देश के प्रमुख शहरों से रेल संपर्क और बेहतर होगा।
हावड़ा–आनंद विहार–हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस
पहली अमृत भारत एक्सप्रेस हावड़ा–आनंद विहार–हावड़ा (13065/13066) होगी। यह ट्रेन धनबाद, गोमो, कोडरमा, गया और डीडीयू के रास्ते चलेगी। ट्रेन 22 जनवरी से हावड़ा से नियमित रूप से संचालित की जाएगी।
गया और डीडीयू जैसे बड़े स्टेशनों से होकर चलने वाली यह ट्रेन पटना प्रमंडल के यात्रियों के लिए दिल्ली क्षेत्र तक पहुंचने का तेज और सुविधाजनक साधन बनेगी। यह एक गैर-वातानुकूलित प्रीमियम ट्रेन है, जिसमें कुल 20 कोच होंगे।

बनारस-सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस
दूसरी महत्वपूर्ण सेवा बनारस-सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस (22588/22587) है, जो डीडीयू-पटना-जसीडीह-आसनसोल मार्ग से होकर चलेगी। यह ट्रेन 23 जनवरी से बनारस से नियमित रूप से शुरू होगी।
खास बात यह है कि यह ट्रेन पटना जंक्शन पर ठहराव करेगी, जिससे पटना के यात्रियों को कोलकाता (सियालदह) और बनारस के लिए सीधी, तेज और किफायती रेल सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और कुल 18 कोचों के साथ संचालित होगी।
डिब्रूगढ़-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस
तीसरी नई सेवा डिब्रूगढ़-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस (15949/15950) है, जो कटिहार-बरौनी-हाजीपुर-छपरा-गोरखपुर मार्ग से होकर चलेगी। इस ट्रेन का नियमित परिचालन 30 जनवरी से शुरू होगा।
यह ट्रेन हाजीपुर और सोनपुर जैसे महत्वपूर्ण जंक्शनों से होकर गुजरती है, जो पटना क्षेत्र की रेल जीवनरेखा माने जाते हैं। इससे उत्तर बिहार और पटना क्षेत्र के यात्रियों को पूर्वोत्तर भारत और लखनऊ क्षेत्र से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत ट्रेनें आधुनिक सुविधाओं, बेहतर बैठने-शयन व्यवस्था और किफायती किराए के साथ आम यात्रियों के लिए प्रीमियम अनुभव प्रदान करेंगी।
इन नई ट्रेनों के परिचालन से पटना को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क में और मजबूती मिलेगी तथा व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
















