छत्तीसगढ़ में इन दिनों प्रशासनिक तबादलों का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार की छुट्टी के दिन अचानक जारी हुए एक सरकारी आदेश ने नगरीय प्रशासन विभाग में हलचल मचा दी। दरअसल, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश में इंजीनियरिंग अमले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। बता दें कि इस आदेश के तहत राज्य के विभिन्न निकायों में पदस्थ कार्यपालन और सहायक अभियंताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश जारी
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह को नगर निगम रायपुर से नगर निगम बिलासपुर स्थानांतरित किया गया है। वहीं दिनेश नेताम को कवर्धा से संयुक्त संचालक कार्यालय दुर्ग में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा सहायक अभियंता बृजेश श्रीवास्तव को कोण्डागांव से बिलासपुर भेजा गया है। ललित कुमार त्रिवेदी को भी बिलासपुर में प्रभारी कार्यपालन अभियंता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दुर्ग संभाग में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सी.बी. परगनिहा को दुर्ग से धमतरी, हेमंत कुमार साहू को भिलाई-चरौदा से नगर निगम दुर्ग तथा चंद्रशेखर सारथी को रायगढ़ से नगर पालिका चांपा पदस्थ किया गया है।


इसी तरह नवा रायपुर में पदस्थ गगन वासन को नगर निगम जगदलपुर में सहायक अभियंता के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है। विभाग का कहना है कि प्रशासनिक कार्यों में गति और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
रिसाली के कार्यपालन अभियंता को अतिरिक्त जिम्मेदारी
विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नगर पालिक निगम रिसाली के कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। उन्हें अपने वर्तमान दायित्वों के साथ संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग के अधीक्षण अभियंता का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।















