अगर हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को समय रहते कंट्रोल नहीं किया गया, तो दिल से जुड़ी गंभीर और जानलेवा बीमारियों का खतरा काफी बढ़ सकता है। जिन लोगों को अक्सर हाई बीपी की परेशानी रहती है, उन्हें अपनी डाइट में कुछ भी शामिल करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए। मेट्रो मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल की डायटीशियन डॉ. अनामिका यादव के अनुसार, हाई बीपी के मरीजों के लिए कुछ खाने-पीने की चीजें नुकसानदायक साबित हो सकती हैं।
नमक का सेवन सीमित रखें
हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए ज्यादा नमक का सेवन हानिकारक होता है। ऐसे लोगों को कम मात्रा में नमक लेना चाहिए। साथ ही बेकरी प्रोडक्ट्स का ज्यादा सेवन करने से भी बचना जरूरी है, क्योंकि इनमें भी नमक और प्रिजर्वेटिव्स ज्यादा होते हैं।
प्रोसेस्ड फूड से बनाएं दूरी
हाई बीपी के मरीजों को प्रोसेस्ड और पैकेट वाले स्नैक्स से दूर रहना चाहिए। चिप्स, नमकीन, बिस्किट जैसे फूड आइटम्स नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा प्रोसेस्ड मीट, कैन्ड फूड, सूप और सॉस जैसी चीजें भी सेहत पर बुरा असर डालती हैं। अचार और पापड़ का सेवन भी सीमित या बंद कर देना बेहतर है।
कैफीन और शराब से बचें
ज्यादा मात्रा में कैफीन लेना हाई बीपी के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए चाय और कॉफी का सेवन कम करना चाहिए। वहीं, शराब पीने की आदत भी ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकती है और शरीर को कई गंभीर बीमारियों की ओर धकेल सकती है। ऐसे में इस आदत को छोड़ना ही बेहतर विकल्प है।
हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखने के लिए संतुलित खानपान और सही लाइफस्टाइल बेहद जरूरी है।
(डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। दिन का भास्कर किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)
















