रायगढ़, 09 जनवरी।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना लैलूंगा पुलिस ने महिला की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम काराडेगा पटेलपारा में 24 दिसंबर 2025 की शाम पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। इस दौरान पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी गिरधारी पैकरा (27 वर्ष), निवासी काराडेगा पटेलपारा ने थाना लैलूंगा में मर्ग सूचना दर्ज कराते हुए दावा किया था कि उसकी पत्नी डिजेश्वरी पैकरा ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस द्वारा मर्ग क्रमांक 173/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत की गई जांच और शव परीक्षण रिपोर्ट में डॉक्टरों ने महिला की मौत को हत्यात्मक बताया। विवेचना में सामने आया कि 24 दिसंबर की शाम आरोपी बिना बताए घर मुर्गा-मटन लेकर आया था, जिस पर पत्नी के नाराज होने से दोनों के बीच विवाद हो गया।

विवाद के दौरान आरोपी ने लोहे की फुंकनी और धारदार परसूल से पत्नी के साथ मारपीट की और बाद में रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपराध छुपाने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की तथा परिजनों और ग्रामीणों को भ्रामक जानकारी दी।
मर्ग जांच में साक्ष्य छुपाने और झूठी सूचना देने की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 03/2026 धारा 103(1) एवं 238 भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना अधिकारी द्वारा आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त लोहे की फुंकनी, परसूल सहित अहम साक्ष्य जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया।

आरोपी गिरधारी पैकरा को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, सहायक उपनिरीक्षक देव प्रसाद चौहान एवं पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
















